आगरा। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में जिले में अब तक लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। पांच मूल्यांकन केंद्रों पर आठ दिनों के भीतर 3,35,000 कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। मूल्यांकन कार्य की गति मंडल स्तर पर भी तेज बनी हुई है, जहां फिरोजाबाद 86 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर सबसे आगे चल रहा है।

संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल ने बुधवार को जिले के विभिन्न मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों पर कार्य की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था और मूल्यांकन प्रक्रिया की स्थिति का विस्तार से अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मूल्यांकन कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और सभी केंद्रों पर कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि आगरा मंडल में कुल 19,07,315 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए प्राप्त हुई थीं, जिनमें से अब तक 17,86,150 कॉपियों का मूल्यांकन पूरा किया जा चुका है। इस प्रकार मंडल में कुल 61 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 3,09,471 उत्तर पुस्तिकाएं अभी शेष हैं।
जिलेवार स्थिति की जानकारी देते हुए बताया गया कि आगरा में कुल 7,47,010 उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 6,91,661 कॉपियों का मूल्यांकन पूरा हो चुका है और 3,56,063 कॉपियां अभी शेष हैं। मथुरा में 4,37,149 कॉपियां जांच के लिए आई थीं, जिनमें से 4,09,239 कॉपियों का मूल्यांकन पूरा किया जा चुका है, जबकि 1,44,903 कॉपियां शेष हैं।
इसी प्रकार मैनपुरी में कुल 3,14,699 कॉपियों में से 2,96,174 का मूल्यांकन पूरा हो चुका है और 1,41,434 कॉपियां अभी शेष हैं। फिरोजाबाद में कुल 4,08,457 उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 3,89,076 का मूल्यांकन पूरा कर लिया गया है, जबकि 56,305 कॉपियां अभी जांच के लिए शेष हैं। फिरोजाबाद मूल्यांकन कार्य में मंडल में सबसे आगे है।
संयुक्त शिक्षा निदेशक ने कहा कि सभी मूल्यांकन केंद्रों पर कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है और लक्ष्य के अनुरूप कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मूल्यांकन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।

