आगरा। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन कार्य में तीसरे दिन प्रगति देखने को मिली। इस दौरान लगभग 45000 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। साथ ही मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षकों की उपस्थिति में भी सुधार दर्ज किया गया। संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल ने नगर निगम इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र तथा मंडलीय कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं परीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त शिक्षा निदेशक ने केंद्रों पर चेक की गई उत्तरपुस्तिकाओं में से कुछ का रैंडम आधार पर अवलोकन किया। उन्होंने मूल्यांकन प्रक्रिया की गुणवत्ता को परखा और परीक्षकों को निर्देशित किया कि उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरी सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए, ताकि किसी भी प्रश्न या उसके भाग का मूल्यांकन छूट न जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मूल्यांकन कार्य में पारदर्शिता और समयबद्धता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने बताया कि नगर निगम इंटर कॉलेज एवं राजकीय इंटर कॉलेज का भौतिक निरीक्षण किया गया, जबकि अन्य केंद्रों की निगरानी मंडलीय कंट्रोल रूम के माध्यम से की जा रही है। अधिकांश परीक्षक अपने-अपने केंद्रों पर पहुंच चुके हैं और सभी विषयों का मूल्यांकन कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके साथ ही सभी केंद्रों पर आवंटित उत्तरपुस्तिकाएं भी प्राप्त हो चुकी हैं और मूल्यांकन कार्य नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है।

संयुक्त शिक्षा निदेशक ने यह भी निर्देश दिए कि सभी विषयों का अंकेक्षण (ऑडिट) प्रतिदिन किया जाए और इसकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि केंद्रों से अनुपस्थित परीक्षकों की नाम सहित सूची प्राप्त हो गई है और उनके विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव बोर्ड को भेजा जा रहा है। अनुपस्थित दिनों के वेतन की कटौती के साथ-साथ उनकी सेवा पंजिका में प्रतिकूल प्रविष्टि भी दर्ज की जाएगी।

उन्होंने परीक्षकों को समय से उपस्थित रहने के निर्देश देते हुए कहा कि मूल्यांकन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। देर से आने वाले परीक्षकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे समय का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मंडल स्तर पर मूल्यांकन कार्य की स्थिति की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 160000 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं तीन दिनों के भीतर जिले में 72000 और पूरे मंडल में लगभग 300000 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य संपन्न हो चुका है।
इस दौरान परीक्षकों को यह भी निर्देश दिए गए कि वे मूल्यांकन कार्य को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ करें, यह भी बताया गया कि 21 मार्च को ईद के अवसर पर शासन द्वारा मूल्यांकन कार्य का अवकाश घोषित किया गया है।

