आगरा: आगरा के कमला नगर थाना क्षेत्र के अनुराग नगर में होली से पहले 30 वर्षीय हलवाई दीपू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने डीजे बजाने और 500 रुपये के विवाद में मारपीट का आरोप लगाया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार रात अनुराग नगर में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मृतक दीपू, जो पेशे से हलवाई था, का कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। परिजनों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर युवकों ने दीपू को जमकर पीटा। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत बिगड़ती चली गई। देर रात उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों का यह भी आरोप है कि 500 रुपये के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद दीपू के साथ मारपीट की गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें विवाद और मारपीट के दृश्य होने की बात कही जा रही है। यह फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना पर थाना कमला नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। क्षेत्र में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद अनुराग नगर और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग तेज हो गई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
