आगरा:आगरा कैंट स्टेशन के समीप यात्रियों और आमजन को बेहतर खानपान सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘साक्षी एक्सप्रेस’ नामक रेल कोच रेस्टोरेंट का रिबन काटकर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता, सहायक वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग संजय गौतम, सहायक वाणिज्य प्रबंधक माल भाड़ा संजीव कुमार और रेस्टोरेंट ऑनर लक्ष्मीकांत दीक्षित उपस्थित रहे।

यह पहल मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आगरा अंकित गुप्ता के निर्देशन में की गई। पुराने रेलवे कोच को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित कर तैयार किए गए इस रेस्टोरेंट में यात्रियों और शहरवासियों को रेलवे थीम पर आधारित अनूठा अनुभव मिलेगा।

रेलवे प्रशासन द्वारा इस रेल कोच रेस्टोरेंट का आवंटन 12.82 लाख रुपये प्रतिवर्ष की दर से 5 वर्षों के लिए किया गया है, जिससे आगामी पांच वर्षों में रेलवे को लगभग 64 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। रेस्टोरेंट में स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्नैक्स और पेय पदार्थ उपलब्ध हैं। आकर्षक इंटीरियर और रेलवे थीम इसे और भी खास बनाते हैं।
इस प्रकार की पहल से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण और स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। यात्री और शहरवासी इस नई सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
