आगरा। राजा बलवंत सिंह कॉलेज में बुधवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माई भारत (नेहरू युवा केंद्र संस्थान आगरा), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा आरबीएस कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद-2026 का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलेभर से आए युवाओं और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आयोजन का मुख्य विषय “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” रहा, जिस पर प्रतिभागियों ने अपने तर्क, विचार और दृष्टिकोण प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक परंपराओं, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना रहा। युवाओं ने आपातकाल के ऐतिहासिक संदर्भ, उसके प्रभाव, लोकतंत्र की मजबूती तथा वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से अपने विचार रखे। वक्ताओं ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका और नागरिक कर्तव्यों जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को भी प्रमुखता से उठाया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पूनम तिवारी ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ के अंतर्गत देशभर के युवाओं को विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत युवा संसद इसी व्यापक अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके माध्यम से युवाओं को नेतृत्व, संवाद कौशल और नीति-निर्माण की समझ विकसित करने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में प्रो. विजय श्रीवास्तव, प्रो. कृपाशंकर शर्मा, प्रो. आनंद पाराशर एवं डॉ. मुनीश कुमार उपस्थित रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के वक्तव्यों का सूक्ष्म मूल्यांकन करते हुए उनकी तार्किक क्षमता, विषय की समझ, अभिव्यक्ति शैली और प्रस्तुतिकरण कौशल के आधार पर अंक प्रदान किए। निर्णायक मंडल ने युवाओं की तैयारी और विषय की गहराई से समझ की सराहना की।
जिला युवा अधिकारी माई भारत डॉ. श्रवन सहगल ने जानकारी दी कि युवा संसद में जिलेभर से कुल 120 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया के उपरांत शीर्ष 10 प्रतिभागियों का चयन किया गया है, जो आगामी 10 मार्च 2026 को राज्य स्तर पर लखनऊ विधानसभा में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय युवा संसद में आगरा जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चयनित प्रतिभागी राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आरबीएस कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आलोक कुमार, तरुण कांत पाठक, डॉ. रूचि तथा पूर्व स्वयंसेवक शिवम, कादिर और कुर्बान राम का विशेष योगदान रहा। आयोजन की व्यवस्थाओं से लेकर प्रतिभागियों के समन्वय तक सभी ने सक्रिय भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना का विस्तार होता है, नेतृत्व क्षमता का विकास होता है और वे देश के प्रति अपने दायित्वों को समझते हैं। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में यह कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
