• Wed. Mar 4th, 2026

TODAY News Track

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

CDO Agra School Inspection: प्रदेश भर में मॉडल बनेगा पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय कलवारी: सीडीओ प्रतिभा सिंह

Spread the love

आगरा। मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने विकास खंड बिचपुरी स्थित पीएमश्री कम्पोजिट विद्यालय कलवारी का निरीक्षण कर विद्यालय में विकसित की गई आधुनिक सुविधाओं और शैक्षिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में चल रहे सर्वांगीण विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी ली।

विद्यालय का उन्नयन विदेश मंत्रालय जापान सरकार के सहयोग से जापानी संस्था आर्टिक तथा भारतीय संस्था सेंटर फॉर अर्बन एंड रीजनल एक्सीलेंस (CURE) के माध्यम से किया जा रहा है। सीडीओ ने विद्यालय की सभी कक्षाओं का अवलोकन किया, जिन्हें स्मार्ट क्लासरूम में परिवर्तित किया गया है। डिजिटल शिक्षण व्यवस्था, प्रोजेक्टर और आधुनिक शिक्षण सामग्री के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में स्थापित गंदे पानी के उपचार और पुनः उपयोग की डी-वॉट प्रणाली, वर्षा जल संचयन एवं रिचार्ज प्रणाली की जानकारी भी ली गई। उन्होंने नव निर्मित बहुउद्देशीय भवन में स्थापित कंप्यूटर कक्षा और संगीत कक्षा का निरीक्षण किया। प्रधानाध्यापक सुरेश चंद्र खिरवार ने बताया कि समय सारिणी के अनुसार सभी विद्यार्थियों को कंप्यूटर और संगीत की शिक्षा दी जा रही है, जिससे बच्चों की प्रतिभा निखर रही है। संगीत कक्ष के माध्यम से समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।

विद्यालय में स्थापित आईटीसी लैब और 5 किलोवॉट क्षमता के सोलर पैनल की कार्यप्रणाली की भी जानकारी दी गई। परिसर में बच्चों के लिए विकसित पार्क और झूलों का भी निरीक्षण किया गया। प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में नियमित रूप से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं तथा विश्व शौचालय दिवस, बाल दिवस और गांधी जयंती जैसे विशेष अवसरों पर व्यवहार परिवर्तन और स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाते हैं।

सीडीओ ने विद्यालय में निर्माणाधीन नए रसोईघर तथा बालक, बालिका और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग आधुनिक शौचालयों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि संस्था और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से विद्यालय में बेहतर शैक्षिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जो सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि पीएमश्री कम्पोजिट विद्यालय कलवारी का सर्वांगीण विकास इसे आगरा ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में एक मॉडल विद्यालय के रूप में स्थापित करने की दिशा में अग्रसर कर रहा है।

सीडीओ ने यह भी अपेक्षा जताई कि इसी प्रकार की सुविधाएं जनपद के अन्य विद्यालयों में भी विकसित की जाएं। साथ ही विद्यालय में स्थापित सभी व्यवस्थाओं के समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी बिचपुरी रंजन गुप्ता, खंड विकास अधिकारी अरुण सिंह, एडीओ पंचायत राहुल उपाध्याय, प्रोग्राम डायरेक्टर सिद्धार्थ शंकर पांडेय, राजीव कुमार तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *