• Mon. Mar 2nd, 2026

Today News Track

India #1 News Platform

Crime News : आगरा मुठभेड़: 50 हजार का इनामी शूटर पवन कल्लू घायल, STF और पुलिस ने रणदीप भाटी–अमित कसाना गैंग का शूटर दबोचा

Injured 50,000 reward criminal Pawan alias Kallu after encounter with UP STF Noida Unit and Agra Police in Ekta Police Station area on 27 February 2026
Spread the love

Pawan Kallu Encounter Agra

क्राइम रिपोर्ट । 50 हजार का इनामी शूटर पवन कल्लू मुठभेड़ में घायल, रणदीप भाटी–अमित कसाना गैंग से जुड़ा बदमाश STF और आगरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दबोचा। गुरुवार दिनांक 27-02-2026 को यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और आगरा पुलिस की संयुक्त टीम ने आगरा के थाना एकता क्षेत्र में घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश में अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध बदमाशों से पुलिस टीम की मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तत्काल उसे कब्जे में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है।

घायल बदमाश की पहचान पवन कल्लू पुत्र संतराम निवासी सिरौली, थाना लोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पवन कमिश्नरेट आगरा के थाना ताजगंज में दर्ज रंगदारी के एक मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश में जुटी थी और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पवन शासन द्वारा चिन्हित कुख्यात रणदीप भाटी–अमित कसाना गैंग का सक्रिय शूटर है। उसके खिलाफ हत्या के चार मुकदमे, रंगदारी के दो मुकदमे सहित कुल 18 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 में हत्या के एक सनसनीखेज अभियोग में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसी मामले में उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल में रहने के दौरान भी उसका आपराधिक नेटवर्क सक्रिय बना रहा।

जांच में यह भी सामने आया है कि जेल प्रवास के दौरान पवन हरियाणा के कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के संपर्क में आ गया था। वर्ष 2025 में जेल से छूटने के बाद उसने दोबारा अपराध की दुनिया में कदम रखते हुए बड़े पैमाने पर रंगदारी मांगना शुरू कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार वह रणदीप भाटी–अमित कसाना गैंग और हिमांशु भाऊ गैंग के साथ समन्वय बनाकर दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में था।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने उसके कब्जे से काफी संख्या में कारतूस और असलहे बरामद किए हैं। बरामद हथियारों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका इस्तेमाल किन-किन वारदातों में किया गया है। पुलिस टीम अब उसके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और संभावित साजिशों की गहराई से जांच कर रही है।

संयुक्त कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार पवन की गिरफ्तारी/घायल होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों की योजनाओं को बड़ा झटका लगा है। फिलहाल घायल बदमाश का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसके स्वस्थ होने के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी, ताकि गैंग के अन्य सदस्यों और संभावित वारदातों का खुलासा किया जा सके। पुलिस पूरे मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *