फतेहाबाद। थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव कांकरपुरा के पास स्थित शिव शक्ति कोल्ड स्टोरेज में चिनाई का काम करते समय करंट लगने से मजदूर की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने कोल्ड स्टोरेज पर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव अहीरपुरा निवासी दया सिंह (50) पुत्र चैनसुख रविवार सुबह थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव कांकरपुरा स्थित शिव शक्ति कोल्ड स्टोरेज पर चिनाई का काम करने गए थे। रविवार सुबह करीब 10:00 बजे दया सिंह कोल्ड स्टोरेज के पीछे चिनाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही ग्यारह हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से सरिया टच हो गई, जिससे दया सिंह गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की जानकारी होने पर कोल्ड स्टोरेज स्वामी व परिजन घायल दया सिंह को उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रविवार शाम बड़ी संख्या में परिजन कोल्ड स्टोरेज पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही निबोहरा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार मृतक दया सिंह के चार बच्चे हैं।
प्रभारी निरीक्षक निबोहरा ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में काम करते समय हाईटेंशन लाइन का करंट लगने से मजदूर की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
