फतेहाबाद। अंतरराज्यीय गिरोह के तीन शातिर चोरों को फतेहाबाद पुलिस और सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड भरापुर पुलिया से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 2.5 किलोग्राम कॉपर का तार, सात सिक्के सफेद धातु, एक जोड़ी पायल सफेद धातु, छह बिछिया, एक जोड़ी कान के झुमके पीली धातु, 11 माला के मनके पीली धातु और एक कान की बाली पीली धातु बरामद हुई।
एसीपी फतेहाबाद अनिल कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों ने तीन माह पूर्व फिरोजाबाद चौराहे पर स्थित दुकानों की दीवार तोड़कर चोरी की थी। 26 नवंबर 2025 को पूठपुरा गांव निवासी महेश चंद्र ने तहरीर दी थी कि उनकी दुकान से समरसेबिल, जनरेटर मोटर, 22 किलोग्राम कॉपर का तार, 20 हजार रूपए नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी हो गया। इसके अलावा पास में कासिम खान की दुकान और 24 दिसंबर 2025 को पिन्नापुरा निवासी मनोज की दुकान से भी चोरी हुई थी।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम अनिल पुत्र नत्थीलाल (हिमांयुपुर, थाना शमसाबाद), बनवारी लाल पुत्र रामदयाल (हिमांयुपुर, थाना शमसाबाद) और भूपेंद्र पुत्र मातादीन (खैरा, थाना स्टेशन रोड, जिला मुरैना, मध्य प्रदेश) हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी किए गए सामान को राह चलते फेरी वालों को बेच दिया और नकद रुपये आपस में खर्च कर दिए।
उन्होंने बताया कि दो माह पूर्व पूठपुरा में एक दुकान की छत काटकर चोरी की थी और शुक्रवार को संबलगढ़, जिला मुरैना, मध्य प्रदेश में एक घर से भी पीली व सफेद धातु के आभूषण चोरी किए।
तीनों आरोपियों पर अलग-अलग थानों में सात मामले दर्ज हैं और उन्हें जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक तरुण धीमान, सर्विलांस प्रभारी सचिन तोमर, उपनिरीक्षक सुमित कुमार, देवेंद्र कुमार, संजीव कुमार, ज्वालाप्रसाद, पवन कुमार, संदीप कुमार और अन्य शामिल थे।

