आगरा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान आगरा में आयोजित उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों के तीन दिवसीय सामाजिक विज्ञान प्रशिक्षण के प्रथम बैच का समापन बुधवार को हुआ। समापन अवसर पर डायट प्राचार्य अनिरुद्ध यादव ने प्रतिभागी शिक्षकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
प्राचार्य अनिरुद्ध यादव ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी प्रशिक्षण की सार्थकता तभी है, जब उसका प्रभाव सीधे बच्चों के सीखने और समझने में दिखाई दे। सामाजिक विज्ञान एक महत्वपूर्ण विषय है, जिसका जीवन से सीधा संबंध है और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भी इसका विशेष महत्व है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण में सीखी गई शिक्षण विधाओं और नवाचारों को कक्षा शिक्षण में अपनाएं, ताकि विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि और तार्किक सोच विकसित हो सके।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अर्थशास्त्र, नागरिक शास्त्र, भूगोल एवं इतिहास से संबंधित विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों का संचालन संदर्भ दाता मीनू पवार, तेजेंद्र सिंह मीणा, रेनू जायसवाल, अबू मुहम्मद आसिफ एवं नोडल प्रभारी रचना यादव द्वारा किया गया। सत्रों में सामाजिक विज्ञान प्रयोगशाला, आकलन की प्रक्रिया, सामाजिक विज्ञान शिक्षण की विधाएं, समूह चर्चा एवं प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विषयवस्तु को विस्तार से समझाया गया।
प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि जनपद के प्रत्येक उच्च प्राथमिक, कंपोजिट एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय से एक-एक शिक्षक को शामिल कर कुल 870 शिक्षकों को यह प्रशिक्षण प्रदान किया जाना है। प्रथम बैच में विकास क्षेत्र अछनेरा, अकोला एवं बाह के 90 से अधिक शिक्षकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन नोडल प्रभारी रचना यादव ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रवक्ता कल्पना सिन्हा, हिमांशु सिंह, यशवीर सिंह, अनिल कुमार, रंजना पांडेय, डॉ. प्रज्ञा शर्मा, लक्ष्मी शर्मा, यशपाल सिंह, संजीव कुमार सत्यार्थी, पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. दिलीप कुमार गुप्ता सहित अन्य का सहयोग रहा।
———————————————————————————————————-
ये खबर भी पढ़ें
राजकीय हाई स्कूल बल्हैरा में हर्षोल्लास के साथ मना प्रथम वार्षिकोत्सव
आगरा। राजकीय हाई स्कूल बल्हैरा में विद्यालय का प्रथम वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय विश्व प्रताप सिंह, डिप्टी सीआईओ प्रयागराज पंकज सक्सेना, डायट प्राचार्य अनिरुद्ध यादव, पंडित दीनदयाल राजकीय इंटर कॉलेज मनखेड़ा की प्रवक्ता पूनम यादव, पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजू रानी, रानी, बहोरन सिंह तथा राजकीय हाई स्कूल बल्हैरा की प्रधानाचार्या डॉ संध्या श्रीवास्तव द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
कार्यक्रम का संचालन लिपिका कपूर और रचना खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विशेष रूप से मोबाइल के दुष्प्रभाव और नशा मुक्ति पर आधारित प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को जागरूक किया और खूब सराहना बटोरी।
समारोह के दौरान यूथ क्लब, इको क्लब, साइंस क्लब, गणित क्लब, पंख पोर्टल तथा बोर्ड परीक्षा में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्या डॉ संध्या श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गिरजेश खिरवार, शाहीन, सुनीता अग्रवाल, निधि जैन, अर्चना यादव, कनिष्ठ लिपिक अजय सिंह तथा दिव्यांग एजुकेटर श्याम सिंह धाकरे का विशेष सहयोग रहा। सभी अतिथियों ने विद्यालय के प्रथम वार्षिकोत्सव की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
#DIETAgra #TeacherTraining #SocialScienceTraining #EducationNews #UPEducation #TeacherDevelopment #StudentLearning #IndianEducation #SCERTUP #SchoolEducation



.jpeg)