आगरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान आगरा में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत आयोजित विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में अछनेरा विकास क्षेत्र के रैपुरा अहीर की छात्रा खुशी द्वारा तैयार किया गया पंचर डिटेक्टर मॉडल प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मॉडल की खासियत यह है कि ट्यूब में पंचर होने से पहले ही मोबाइल फोन पर संदेश आ जाता है, जिससे वाहन चालक समय रहते पंचर ठीक करा सकता है।
छात्रा खुशी द्वारा बनाए गए इस मॉडल में ट्यूब की टोंटी में विशेष सेंसर लगाया गया है, जिसे मोबाइल फोन से कनेक्ट किया गया है। जैसे ही ट्यूब में हवा का दबाव कम होना शुरू होता है, सेंसर सक्रिय होकर मोबाइल पर मैसेज अलर्ट भेज देता है। इससे वाहन चलते समय अचानक पंचर होने की समस्या से बचा जा सकता है और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होती है। निर्णायक मंडल ने इस मॉडल को उपयोगिता, नवाचार और सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना।
विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में खेरागढ़ विकास क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुकंडई के छात्र पीयूष का डबल वॉल इंसुलेटर मॉडल द्वितीय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय करवल जगनेर की छात्रा भारती का शॉर्ट सर्किट सेफ्टी अलार्म मॉडल तृतीय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय पथौली प्रथम के छात्र अजय का एंटी सुसाइड फैन मॉडल चतुर्थ तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय मानिकपुरा पिनाहट के छात्र हर्ष का वॉइस कंट्रोल कार मॉडल पंचम स्थान पर रहा। प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं टैबलेट देकर सम्मानित किया गया, जबकि छठे से दसवें स्थान तक चयनित प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इसी अवसर पर आयोजित जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में विकास क्षेत्र बिचपुरी ने प्रथम, अकोला ने द्वितीय तथा शमशाबाद एवं जगनेर ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य डायट आगरा अनिरुद्ध यादव ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता को विकसित करती हैं। इससे छात्र-छात्राएं अपने आसपास की दैनिक समस्याओं का तकनीकी समाधान खोजने के लिए प्रेरित होते हैं।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका खंड शिक्षा अधिकारी सुमित कुमार सिंह, प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय, प्रवक्ता अंकुश अग्रवाल एवं रोली गौड़ ने निभाई। जिला समन्वयक प्रशिक्षण कुलदीप तिवारी ने बताया कि मॉडल प्रतियोगिता में 61 तथा क्विज प्रतियोगिता में 65 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। सभी प्रतिभागियों को बैग, स्टेशनरी एवं ज्योमेट्री बॉक्स प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में प्रवक्ता पुष्पेंद्र सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद गौतम, एसआरजी प्रीति सिंह, मीना पुष्कर सहित शिक्षक अशोक कुमार, आलोक जैन, पवन कुमार, मिली जैन, पंकज कुमार सिंह, राजेश रावत, ओमवीर सिंह, कुसुम वर्मा का विशेष सहयोग रहा। मॉडल प्रतियोगिता में जनपद स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने के साथ अंतर्राष्ट्रीय एक्सपोजर विजिट का अवसर भी मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने किया।
#AgraNews #ScienceExhibition #StudentInnovation #PunctureDetector #MobileAlertTechnology
#NationalAvishkarAbhiyan #SchoolScienceModel #IndianStudents #STEMEducation
#EducationNews #InnovationInSchools #SmartTechnology #UPNews #FutureScientists



