आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के खंदारी परिसर स्थित गृह विज्ञान संस्थान में खाद्य एवं पोषण विभाग, महिला प्रकोष्ठ और रेडियो पार्टनर कम्युनिटी रेडियो 90.4 आगरा की आवाज के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कुलपति प्रो. आशु रानी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. अर्चना सिंह ने की, जबकि सह-संयोजक के रूप में डॉ. दीप्ति सिंह, सामुदायिक रेडियो कार्यक्रम अधिशासी पूजा सक्सेना एवं डॉ. प्रिया यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डीन प्रो. अर्चना सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कैंसर के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि “सही जानकारी और समय पर की गई जांच कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।”

मुख्य वक्ता के रूप में एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की प्रो. अनुपमा श्रीवास्तव उपस्थित रहीं। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर के कारणों, लक्षणों एवं बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए एचपीवी (HPV) वैक्सीन तथा पैप स्मीयर टेस्ट की उपयोगिता पर विशेष बल दिया। उन्होंने छात्राओं से आग्रह किया कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।

डॉ. सृष्टि चौहान ने स्तन, फेफड़े, मुख एवं सर्वाइकल कैंसर की प्रारंभिक पहचान, जोखिम कारकों एवं जांच विधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ब्रेस्ट सेल्फ एग्ज़ामिनेशन की प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि नियमित स्व-परीक्षण से स्तन कैंसर की समय रहते पहचान संभव है। साथ ही उन्होंने स्तनपान को स्तन कैंसर के जोखिम को कम करने में सहायक बताया।
डॉ. प्रतिभा सिंह एवं डॉ. सुरेन्द्र सिंह ने कैंसर के विभिन्न जोखिम कारकों, निवारक उपायों और प्रारंभिक स्क्रीनिंग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, नशामुक्त जीवन और सकारात्मक सोच कैंसर की रोकथाम में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम में कैंसर जागरूकता को वीडियो प्रस्तुति एवं लघु फिल्मों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। रोल प्ले के जरिए विद्यार्थियों को व्यवहारिक जानकारी दी गई, जिससे सत्र अत्यंत संवादात्मक और रोचक रहा। लाइफ साइंस एवं गृह विज्ञान संस्थान के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ की सदस्य डॉ. मोनिका अस्थाना, डॉ. प्रीति यादव, डॉ. नेहा सक्सेना तथा गृह विज्ञान संस्थान की फैकल्टी सदस्य डॉ. संघमित्रा गौतम, डॉ. कविता सिंह एवं नेहा अग्रवाल उपस्थित रहीं। साथ ही पीएच.डी. शोधार्थी ज्योति पाल ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रिया यादव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक बल्कि प्रेरणादायक भी साबित हुआ। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जागरूकता, समय पर जांच और स्वस्थ आदतें अपनाकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से प्रभावी रूप से मुकाबला किया जा सकता है। विश्वविद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।
