आगरा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में शिवाजी मंडपम सभागार, खंदारी परिसर, आगरा में बृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर (मेगा शिविर) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जस्टिस जे.जे. मुनीर, प्रशासनिक न्यायमूर्ति (सत्र खंड आगरा), उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश संजय कुमार मलिक और जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी भी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली। शिविर का उद्देश्य आमजन को विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम का संचालन ज्ञानेंद्र राव, अपर जिला जज द्वारा किया गया। जस्टिस जे.जे. मुनीर ने मध्यस्थता अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली को सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता के माध्यम से लंबित मामलों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण निस्तारण संभव है। इसके पश्चात जनपद न्यायाधीश संजय कुमार मलिक ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों से इनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
शिविर में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। एक पहल एनजीओ की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा वीणा वादन के साथ म्यूजिक थेरेपी का आयोजन किया गया। राजकीय संप्रेक्षण गृह, किशोर आगरा के किशोरों ने ‘अंधेर नगरी चौपट राजा’ नाटक का मंचन किया। आगरा कॉलेज, आगरा के एनसीसी छात्र-छात्राओं ने शिविर में आए लाभार्थियों को विभिन्न स्टॉलों तक मार्गदर्शन प्रदान किया।
समापन सत्र में अमरजीत, अपर जिला जज ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर महाविद्यालय, आगरा के सहयोग एवं समस्त कर्मचारीगण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिविर के सफल आयोजन पर धन्यवाद ज्ञापित किया।
शिविर में लारा कोर्ट, एमएसीटी कोर्ट, फैमिली कोर्ट, कमर्शियल कोर्ट के पीठासीन अधिकारीगण के साथ रामबदन सिंह, अपर पुलिस आयुक्त; रेनू कुमारी, जिला विकास अधिकारी; अरुण कुमार श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी; ऋषिकेश बनर्जी, प्रबंधक/लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, केनरा बैंक; अतुल कुमार सोनी, डीपीओ; कैलाश विंद, डिप्टी रजिस्ट्रार, डॉ. भीमराव आंबेडकर महाविद्यालय, आगरा; डॉ. राजीव वर्मा, प्रो. विधि विभाग; पीयूष दूबे, डॉ. भीमराव आंबेडकर महाविद्यालय; हिम्मत सिंह, अधिवक्ता/पैनल, डॉ. भीमराव आंबेडकर महाविद्यालय सहित दिव्यांग विभाग, समाज कल्याण विभाग, जिला एवं केंद्रीय कारागार, नेडा, मिशन शक्ति, परिवहन विभाग, आरटीओ, विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

