आगरा। आगरा के दीवानी परिसर में बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को खाली कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और दीवानी परिसर में तैनात एसएसएफ एक्टिव हो गए हैं। बम निरोधक दस्ता बुलाया गया है और परिसर की ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल आने की जानकारी मिली है।
सूचना मिलने के बाद एसएसएफ जवानों ने लोगों को तुरंत परिसर से बाहर निकाला। कोर्ट के बाहर भी ट्रैफिक को नियंत्रित किया गया और लोगों को कोर्ट से दूर रखा गया। कैंपस खाली करवाने के बाद डॉग स्क्वायड की मदद से हर हिस्से की सघन तलाशी ली जा रही है।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। दीवानी परिसर के सभी गेट बंद कर दिए गए हैं और सभी वादकारियों को बाहर किया जा रहा है। टीमें न्यायालय और अधिवक्ताओं के चैंबरों की जांच कर रही हैं। इसके अलावा जिला जज ने सभी बार एसोसिएशन और अधिवक्ताओं से अपील की है कि कोई भी संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर तुरंत दीवानी प्रशासन को सूचित करें।
जिला शासकीय अधिवक्ता राधा कृष्ण गुप्ता ने बताया कि यह केवल भय पैदा करने की कोशिश है। एहतियात के तौर पर परिसर में सघन जांच की जा रही है, इसलिए सभी को सुरक्षा कारणों से बाहर निकाला गया है।

