आगरा। जलेसर रोड पर नगला चंदन के पास रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला व बच्चों समेत दस लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तीर्थयात्रा से लौट रहे ग्रामीणों को लेकर जा रहे दो ऑटो को तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ऑटो पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जबकि दूसरा ऑटो करीब 20 मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया।
हाथरस जनपद के थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव धांधऊ निवासी राम अवतार, हरिहर स्वामी समेत अन्य ग्रामीण 20 जनवरी को तीर्थयात्रा पर निकले थे। सभी श्रद्धालु पहले जगन्नाथपुरी गए, जहां दर्शन के बाद जबलपुर पहुंचे। वहां नर्मदा नदी में स्नान व पूजन किया गया। इसके बाद हरिहर स्वामी बहरोड़ में रुके। शनिवार को सभी श्रद्धालु महाकाैशल एक्सप्रेस से आगरा लौटे। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से गांव धांधऊ जाने के लिए सभी लोग ऑटो में सवार हुए।
रविवार सुबह करीब 11:20 बजे जलेसर रोड पर नगला चंदन के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने गलत साइड से आकर ऑटो में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। इसके बाद कंटेनर ने सामने से आ रहे दूसरे ऑटो को भी टक्कर मार दी और उसे करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।
हादसे में पहले ऑटो में सवार गांव धांधऊ निवासी 75 वर्षीय रनवीर भगत, 52 वर्षीय बुजुर्ग मोहन गौतम, 65 वर्षीय लक्ष्मीचंद, 65 वर्षीय देवकीनंदन उर्फ मिस्री, 60 वर्षीय उदयवीर सिंह तथा दूसरे ऑटो के चालक 46 वर्षीय सईद निवासी दौरेठा शाहजहां की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे ऑटो में सवार सलमान, उनकी पत्नी रानी, मां हसीना, बहन गुलशन, बहन का बेटा हसन, बहन की बेटी और अन्य लोग घायल हो गए। सलमान की छह माह की बेटी को भी चोटें आई हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पत्थर मारकर कंटेनर को रोका और चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाकर थाने भेजा। घायलों को एम्बे अस्पताल और दूसरे ऑटो में घायल लोगों को सरोज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह, डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार और डीसीपी पश्चिम आदित्य कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कंटेनर चालक अवनीश निवासी खैरगढ़, फिरोजाबाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसे की जांच की जा रही है।हादसे के बाद गांव धांधऊ सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
#AgraAccident #RoadAccident #JagannathPuriReturn
#SpeedingTruck #UPNews #AgraNews
#FatalCrash #AutoAccident #BreakingNewsIndia
#RoadSafety #UttarPradesh


