• Sun. Mar 1st, 2026

Today News Track

India #1 News Platform

ताज महोत्सव में सजी 74वीं मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी, 2575 उत्कृष्ट नमूनों ने मोहा मन

Spread the love

The 74th Divisional Fruit, Vegetable and Flower Exhibition Adorns Taj Mahotsav; 2,575 Specimens Captivate Visitors

आगरा। ताज महोत्सव के आयोजन स्थल टाटा ग्राउंड, फतेहाबाद रोड, आगरा में 20 से 22 फरवरी 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय 74वीं मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में प्रकृति की इन्द्रधनुषीय छटा बिखेरने का प्रभावी प्रयास किया गया है। रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक सज्जा और विविध प्रजातियों की प्रस्तुति ने दर्शकों को सहज ही अल्हादित कर दिया।

प्रदर्शनी का शुभारम्भ नागेन्द्र प्रताप (आईएएस), आयुक्त, आगरा मण्डल, आगरा ने किया। उन्होंने कहा कि पुष्प प्रकृति की अनुपम देन हैं और इनके माध्यम से वातावरण को मनोहारी बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी मण्डल स्तर पर प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है और ताज महोत्सव के साथ इसका आयोजन देशी-विदेशी पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है। उद्घाटन अवसर पर उद्यान विभाग द्वारा प्रकाशित ‘उद्यान स्मारिका’ का विमोचन भी किया गया।

प्रदर्शनी में कुल 2575 उत्कृष्ट नमूने प्रदर्शित किए गए हैं। विभिन्न स्टालों पर आकर्षक पुष्पों के साथ-साथ शाकभाजी और फलों की उत्कृष्ट किस्में सजाई गई हैं। बहुरंगीय सिनरेरिया का गमला समूह विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, वहीं गमलों में सजी विविध प्रजातियों की डहेलिया भी दर्शकों को खूब लुभा रही हैं। लगभग 45 प्रकार की मौसमी फूलों की प्रजातियों का प्रदर्शन प्रदर्शनी की शोभा बढ़ा रहा है।

एक ओर पुष्प सज्जा, गुलदस्ते, मालाएं, बुके और सुसज्जित गमले अपनी कलात्मक छटा बिखेर रहे हैं, तो दूसरी ओर रंगोली और ब्रज थीम पर पुष्पों से तैयार आकर्षक मॉडल दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण बने हुए हैं। गेंदा, गुलाब, डहेलिया सहित अन्य अनेक प्रजातियों का संकलन अद्वितीय दिखाई देता है।

शाकभाजी पंडाल में ब्रोकली, बेबीकॉर्न, मशरूम, कद्दू, गोभी, बैंगन, टमाटर और मटर जैसी सब्जियों के साथ बेर, पपीता, अमरूद, संतरा और चाइना ऑरेंज जैसे फलों की प्रदर्शनी ने लोगों का ध्यान खींचा। गमलों में उगाई गई शाकभाजी के माध्यम से गृहवाटिका की उपयोगिता का भी सराहनीय प्रदर्शन किया गया है। पशुपालन विभाग ने अपने विभागीय कार्यों और योजनाओं से संबंधित जानकारी का स्टाल लगाकर प्रदर्शनी को और अधिक आकर्षक स्वरूप प्रदान किया।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की उद्यान शाखा, आगरा द्वारा बोन्साई और औषधीय पौधों का विशेष पंडाल भी लगाया गया, जिसने प्रकृति प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया।

रजनीश पाण्डेय, अधीक्षक, राजकीय उद्यान, आगरा और मुकेश कुमार, उप निदेशक उद्यान, आगरा मण्डल ने बताया कि प्रदर्शनी में मण्डल के 1140 प्रतियोगियों ने भाग लिया। सर्वोत्तम पुष्प गमला समूह का पुरस्कार सिनरेरिया वर्ग में राजकीय उद्यान टैंक नंबर-4 को प्राप्त हुआ। सर्वोत्तम पुष्प डहेलिया तथा सर्वोत्तम फोलियेज गमला समूह का पुरस्कार राजकीय उद्यान जंगीखान, आगरा को प्रदान किया गया।

तीन दिवसीय इस भव्य प्रदर्शनी ने ताज महोत्सव के उत्साह को और भी बढ़ा दिया है तथा आगरा की उद्यानिकी परंपरा और प्राकृतिक सौंदर्य को नई पहचान दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *