• Fri. Mar 6th, 2026

TODAY News Track

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Weather Update News: 2 जनवरी तक नर्सरी से कक्षा 12 तक के स्कूल बंद, अगले चार दिन छाएगा कोहरा, बढ़ेगी ठंड, साढ़े आठ घंटे लेट आई उत्कल एक्सप्रेस

Spread the love

आगरा। जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने शीतलहर, कोहरा व शून्य दृश्यता के चलते सभी सरकारी, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन व समस्त बोर्ड से मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से 12 तक 2 जनवरी 2026 तक पढ़ाई स्थगित करने का आदेश दिया। वहीं बीएसए जितेंद्र कुमार गोंड ने बताया कि डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी के निर्देशों के अनुपालन में कक्षा 1 से 8 वीं के समस्त बोर्ड से मान्यता प्राप्त स्कूलों मे शुक्रवार को अवकाश रहेगा।

 नए साल के पहले दिन आगरा में ठंड और घने कोहरे का असर साफ दिखाई दिया। बीते 24 घंटों में शहर का अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। इस दौरान किसी प्रकार की बारिश नहीं हुई, लेकिन वातावरण में अत्यधिक नमी बनी रही। सुबह 8:30 बजे और शाम 5:30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 97 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई, जिससे पूरे दिन ठंडक और कोहरे का प्रभाव बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार एक जनवरी को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने के साथ घना कोहरा छाया रहा। दो और तीन जनवरी को भी न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तथा अधिकतम 16 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है और इन दोनों दिनों में भी घना कोहरा बना रहेगा। चार जनवरी को अधिकतम तापमान बढ़कर 18 डिग्री तक पहुंच सकता है, लेकिन सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

पांच, छह और सात जनवरी को ठंड के साथ हल्की राहत मिलने की संभावना है। इन दिनों अधिकतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, हालांकि सुबह के समय कोहरा या धुंध बनी रह सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि वातावरण में नमी अधिक होने के कारण सुबह और रात के समय दृश्यता कम रह सकती है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार घने कोहरे का असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ सकता है। खासकर सुबह और देर रात यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की जरूरत है। वाहन चालकों को धीमी गति से चलने, फॉग लाइट का प्रयोग करने और पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। ठंड से बचाव के लिए लोगों को गर्म कपड़े पहनने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।

उत्कल एक्सप्रेस 8 घंटे 31 मिनट लेट, आगरा कैंट से गुजरने वाली 15 ट्रेन घंटों लेट

 नववर्ष की शुरुआत आगरा रेल मंडल के यात्रियों के लिए परेशानी भरी रही। आगरा कैंट, इदगाह और आगरा फोर्ट स्टेशनों पर चलने वाली कई प्रमुख एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से पहुंचीं। सबसे ज्यादा देरी उत्कल एक्सप्रेस (18477) में दर्ज की गई, जो आगरा कैंट स्टेशन पर 8 घंटे 31 मिनट की भारी देरी से पहुंची। ठंड और कोहरे के बीच यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर लंबा इंतजार करना पड़ा, जिससे यात्रा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही।

आगरा कैंट स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस के अलावा कई अन्य ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था भी बिगड़ी रही। प्रयागराज–लालगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20403) 5 घंटे 40 मिनट, अवध एक्सप्रेस (19038) 5 घंटे 44 मिनट और पटना–कोटा एक्सप्रेस (13239) 4 घंटे 52 मिनट की देरी से पहुंची। इसी तरह ज़ियारत एक्सप्रेस (12395) 4 घंटे 11 मिनट, मरुधर एक्सप्रेस (14853) 4 घंटे 04 मिनट, महा कौशल एक्सप्रेस (12189) 3 घंटे 22 मिनट और ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस (12615) 3 घंटे 24 मिनट लेट रही।

इसके अलावा नांदेड़–अमृतसर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12421) 3 घंटे 10 मिनट, कोलकाता–ग्वालियर एक्सप्रेस (12319) 2 घंटे 56 मिनट, एनजेडएम राजधानी एक्सप्रेस (22221) 2 घंटे 50 मिनट, महा कौशल एक्सप्रेस (12190) 2 घंटे 34 मिनट, कर्नाटक एक्सप्रेस (12627) 2 घंटे 08 मिनट और आरकेएमपी–निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12155) 1 घंटे 48 मिनट की देरी से आगरा कैंट पहुंची।

ईदगाह स्टेशन पर ज़ियारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 4 घंटे 11 मिनट लेट रही, जबकि आगरा फोर्ट स्टेशन पर अवध एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस और लखनऊ इंटरसिटी समेत कई ट्रेनें 4 से 6 घंटे की देरी से पहुंचीं।

लगातार ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों में नाराजगी देखी गई। कई यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेनें छूट गईं और उन्हें स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा। रेलवे की ओर से कोहरे और ट्रैक पर दबाव को देरी का कारण बताया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई कि सफर से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लें।

#AgraWeather #DenseFog #ColdWave #AgraNews #WeatherUpdate #IMDForecast #WinterInAgra #FogAlert #UttarPradeshWeather

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *