मथुरा। थाना जमुनापार क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी कर बाइक से घर लौट रहे तीन युवकों को ट्रक ने टक्कर मार दी।
पानीगांव रोड स्थित राधारानी मंदिर के पास हुए इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान गांव ऊदल गढ़ी निवासी देवेश और भोला (उम्र करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों युवक अपने एक अन्य साथी के साथ वृंदावन स्थित मिड-डे मील सप्लाई करने वाली संस्था अक्षय पात्र में कार्यरत थे। शुक्रवार की देर रात ड्यूटी पूरी करने के बाद तीनों युवक बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक पानीगांव रोड पर राधारानी मंदिर के पास पहुंची, तभी पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर इलाका पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जिला संयुक्त अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने देवेश और भोला को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। एक ही गांव के दो युवकों की मौत से थाना मांट क्षेत्र के ऊदल गढ़ी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
#MathuraAccident #RoadAccident #UPNews #BikeAccident #TruckCollision #BreakingNews #MathuraNews
