मथुरा: मथुरा में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह तड़के घना कोहरा छा गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई और शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ ही मीटर की दूरी तक दिखाई देना मुश्किल हो गया।
सड़कों, संपर्क मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही, वाहन चालक हेडलाइट जलाकर सावधानी से वाहन चलाते नजर आए।मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को मथुरा का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और धूप निकलने के आसार कम हैं। कोहरे और बादलों के चलते ठंड में इजाफा हुआ है, जिससे सुबह और शाम गलन भरी ठंड महसूस की जा रही है।ठंड बढ़ने के कारण लोगों ने फिर से गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। शहर के चौराहों, बाजारों और ग्रामीण इलाकों में लोग अलाव तापते दिखाई दिए।
कोहरे का सबसे अधिक असर सुबह के समय देखने को मिला, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और किसानों को खासा परेशानी उठानी पड़ी। कई स्थानों पर लोग कोहरा छंटने का इंतजार करते नजर आए, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि आगामी 2 फरवरी तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। विभाग ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम संबंधी अपडेट्स पर लगातार नजर रखें।