मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और गुरुग्राम, हरियाणा स्थित एम3एम फाउंडेशन के बीच ब्रज क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू के तहत ब्रज क्षेत्र में तीर्थ स्थलों के संरक्षण, विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय आजीविका सृजन और सांस्कृतिक प्रलेखन के कार्यों में भी सहयोग किया जाएगा।
इस संबंध में आयोजित बैठक में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र और मुख्य कार्यपालक अधिकारी आईएएस सूरज पटेल शामिल रहे। एम3एम फाउंडेशन की ओर से प्रबंध न्यासी एवं अध्यक्ष डॉ. ऐश्वर्या महाजन तथा संस्थापक एवं सीईओ अनुपमा मायराल मौजूद रहीं। बैठक में सामर्थ्य डेवकनेक्ट एलएलपी के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित योजनाओं और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उत्तर प्रदेश पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात वर्चुअल माध्यम से जुड़े और ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े प्रस्तावों पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर ब्रज की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, तीर्थ यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
परिषद और एम3एम फाउंडेशन के बीच हुए इस समझौते को ब्रज क्षेत्र के धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों के सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे पर्यटन को नई गति मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार और आजीविका के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
#BrajDevelopment #BrajTeerth #UPTourism #ReligiousTourism #CulturalHeritage #MathuraVrindavan #M3MFoundation #UPNews

