आगरा। पुलिस हिरासत में बर्बरता के मामलों की कड़ी में एक और गंभीर प्रकरण सामने आया है। किरावली में किसान से मारपीट का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब छत्ता थाना क्षेत्र की जीवनी मंडी पुलिस चौकी में एक दूध विक्रेता के साथ अमानवीय व्यवहार का आरोप लगा है। पूछताछ के दौरान चौकी प्रभारी ने युवक के पैरों के तलवों पर डंडे बरसाए, जिससे डंडे तक टूट गए। यही नहीं, आरोप है कि उसका पैर का नाखून भी उखाड़ लिया गया।
इसी दौरान पूर्वाह्न करीब 11 बजे चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंचे। कुछ युवकों को पकड़ने के बाद उन्होंने नरेंद्र से टेंपो में बैठाकर उन्हें थाने ले चलने को कहा। नरेंद्र ने बताया कि उसे टेंपो चलाना नहीं आता। इसी बात पर चौकी प्रभारी भड़क गए और उसकी पिटाई करते हुए उसे जबरन जीवनी मंडी पुलिस चौकी ले जाया गया।
आरोप है कि चौकी में नरेंद्र को जमीन पर गिराकर पीटा गया। सिपाहियों से उसके पैरों के तलवों पर डंडे चलवाए गए, जिससे दो डंडे टूट गए। इसके बाद दरोगा ने उसका पैर का नाखून उखाड़ लिया। नरेंद्र रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने नहीं सुनी।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि चौकी प्रभारी ने उसका मोबाइल फोन और जेब में रखे 1800 रुपये छीन लिए। इसके बाद उसे टेंपो में बैठाकर थाने ले जाया गया और शांतिभंग की धाराओं में चालान कर दिया गया। इस दौरान नरेंद्र का भाई धीरज बाहर खड़ा चीख-पुकार सुनता रहा और रिश्तेदारों व परिचितों को फोन कर मदद मांगता रहा, लेकिन तब तक पुलिस कार्रवाई पूरी कर चुकी थी।
न्यायालय से शुक्रवार को जमानत मिलने के बाद पीड़ित नरेंद्र कुशवाह अपने रिश्तेदार एवं भाजपा नेता प्रेम सिंह कुशवाह के साथ डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास से मिला और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी सिटी ने जीवनी मंडी चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चौकी प्रभारी की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। पूरे मामले की जांच एसीपी छत्ता को सौंपी गई है। अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उधर, शनिवार को चौकी प्रभारी के निलंबन के बाद गौरव राठी को जीवनी मंडी पुलिस चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। पीड़ित का कहना है कि जमानत के बाद जब वह टेंपो, मोबाइल और रुपये वापस लेने थाने गया, तो टेंपो तो लौटा दिया गया, लेकिन मोबाइल और नकदी वापस नहीं की गई।#AgraNews #BreakingNews #UPPolice #PoliceBrutality #CustodialViolence #LawAndOrder #AgraPolice

