• Wed. Mar 4th, 2026

TODAY News Track

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Breaking News : बारामती विमान हादसा: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन, दुर्घटना की जांच के आदेश

Spread the love

मुबंई बारामती। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार सुबह बारामती एयरपोर्ट पर हुए विमान हादसे में निधन हो गया। वे 66 वर्ष के थे। घटना बुधवार सुबह 8:45 बजे हुई, जब उनका चार्टर्ड विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया और क्रैश हो गया। हादसे में अजित पवार के सुरक्षा अधिकारी एचसी विदिप जाधव, दो पायलट सुमित कपूर और शांभवी पाठक, और एक महिला फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की भी मौत हो गई।

Maharashtra Deputy CM Ajit Pawar plane crash at Baramati airport during landing

पवार महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित करने बारामती जा रहे थे। महाराष्ट्र एविएशन डिपार्टमेंट के अनुसार, विमान लैंडिंग के लिए अप्रोच कर रहा था, लेकिन पहली कोशिश में पायलट को रनवे स्पष्ट नहीं दिखाई दिया। इसके बाद विमान को ऊंचाई पर वापस ले जाया गया।

 दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान विमान रनवे से फिसल गया और क्रैश हो गया। हादसे के तुरंत बाद विमान में आग लग गई। जानकारी के अनुसार पायलट ने इमरजेंसी सिग्नल या ‘मेडे’ कॉल नहीं की। घटना के समय बारामती फ्लाइंग क्लब में कोई अन्य विमान उड़ान पर नहीं था।

अजित पवार जिस चार्टर्ड विमान में थे, उसकी एयरलाइन VSR वेंचर्स ने बयान जारी किया। कंपनी ने कहा कि पायलट रनवे नहीं देख पाया था। पायलट के पास करीब 16,000 घंटे का अनुभव था और को-पायलट के पास 1,500 घंटे का अनुभव था। विमान में कोई तकनीकी खराबी नहीं थी। एयरलाइन के पास अभी भी सात और विमान हैं, जिन्हें ग्राउंड नहीं किया जाएगा। DGCA द्वारा विमान की जांच की जा रही है।

एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की टीम दिल्ली से बारामती के लिए रवाना हो गई है ताकि दुर्घटना स्थल का मुआयना किया जा सके और जांच शुरू की जा सके। टीम ने VSR वेंचर्स के ऑफिस का भी दौरा किया और विमान के तकनीकी दस्तावेज़ देखे।हादसे से जुड़े सीसीटीवी फुटेज में विमान क्रैश और ब्लास्ट होते दिखाई दे रहे हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में स्कूल-कॉलेज समेत सभी सरकारी संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की। राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया। इस दौरान सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा।

फडणवीस ने कहा कि अजित पवार के पारिवारिक सदस्यों से बात करने के बाद अंतिम संस्कार का निर्णय लिया जाएगा। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि विमान दुर्घटना की जांच की जाएगी।

अजित पवार के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि वे जनता के प्रिय नेता थे और महाराष्ट्र के लोगों की सेवा में हमेशा अग्रणी रहे। उनके असामयिक निधन पर प्रधानमंत्री ने परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।ध्यान रहे कि VSR वेंचर्स का विमान पहले भी 14 सितंबर 2023 को मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस समय विमान में पायलट, को-पायलट और छह यात्री सवार थे, सभी को चोटें आई थीं।

अजित पवार का जन्म 22 जुलाई 1959 को हुआ। उन्होंने 1982 में राजनीति की शुरुआत की और अपने चाचा शरद पवार के नक्शेकदम पर चलते हुए छह बार महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। वे कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाए। मौजूदा सरकार में वे वित्त और योजना मंत्री थे और आगामी बजट सत्र में 2026-27 का बजट पेश करने वाले थे।अजित पवार का अंतिम संस्कार बारामती में किया जाएगा। बारामती अस्पताल में उनके पार्थिव शरीर के आगमन पर भारी संख्या में समर्थक जमा हुए।

#AjitPawar #BaramatiPlaneCrash #MaharashtraNews #DeputyCM #PlaneCrash #BreakingNews #IndianPolitics

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *