आगरा: जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत प्राप्त हो रहे दावे और आपत्तियों के संबंध में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग स्वच्छ, शुद्ध और अद्यतन निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपादित की जा रही है।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत दावे और आपत्तियों की अवधि (06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक) की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही 06 जनवरी से 26 जनवरी तक प्राप्त दावों और आपत्तियों की स्थिति भी साझा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है, वे स्वयं या उनके द्वारा अधिकृत व्यक्ति/परिवारजन ही सुनवाई में शामिल हो सकते हैं। इसी आधार पर नोटिस प्रक्रिया में केवल अधिकृत व्यक्ति की उपस्थिति अनुमन्य है।
बैठक में बताया गया कि फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के तहत आवश्यक कार्रवाई नियम अनुसार की जा रही है। मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें बूथ लेवल अधिकारी (BLO) उपस्थित रहकर मतदाताओं की समस्याओं का निस्तारण कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों को फार्म-6 की प्रोसेसिंग, निस्तारण की अद्यतन स्थिति और नोटिस जनरेशन/डाउनलोडिंग/प्रिंटिंग/सुनवाई की जानकारी प्रदान की। बैठक में प्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि कुछ मतदेय स्थलों पर नोटिस जारी नहीं किए जा रहे हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने तुरंत संबंधित BLO, सुपरवाइजर और AERO को निर्देशित किया कि नोटिस का कार्य गुणवत्तापूर्ण और शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए।
बैठक में यह भी बताया गया कि 31 जनवरी 2026 को विशेष अभियान के दौरान पदाधिकारियों और BLO अपने-अपने मतदान केंद्रों/मतदेय स्थलों पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। पात्र नागरिक जो मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे अपने निकटतम मतदेय स्थल पर जाकर फॉर्म-6 के साथ पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, मोबाइल नंबर, आयु प्रमाण और निवास प्रमाणपत्र जमा कर नामावली में अपना नाम जोड़ सकते हैं। स्थाई रूप से अन्यत्र चले गए या मृत मतदाताओं के लिए फॉर्म-7, और संशोधन हेतु फॉर्म-8 का नियमानुसार उपयोग किया जाएगा।
बैठक में उप-जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, श्याम चावला और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष महेश शर्मा, समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, बहुजन समाज पार्टी जिला उपाध्यक्ष संदीप मुखरैया, संजय, राजीव, सविता, पुष्पेंद्र शर्मा, मुबीन, आसिफ, सलमान आदि उपस्थित रहे।
विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की इस बैठक से आगरा में निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता अधिकारों की सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया।
#AgraVoterUpdate #SpecialIntensiveRevision2026 #ElectionCommissionIndia #VoterListUpdate #PoliticalPartyMeeting #BLOCampaign #VoterRights #IndiaElection2026 #ElectionAwareness



.jpeg)
