आगरा। ताज महोत्सव–2026 की तैयारियों को लेकर बुधवार को मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में ताज महोत्सव समिति की बैठक मंडलायुक्त कार्यालय के लघु सभागार में संपन्न हुई। बैठक में पर्यटन विभाग ने महोत्सव के आयोजन से संबंधित प्रस्तावित एजेंडा प्रस्तुत किया, जिस पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि ताज महोत्सव–2026 का आयोजन 18 फरवरी से 27 फरवरी तक किया जाएगा। इस बार आयोजन के स्वरूप में विस्तार किया जा रहा है और स्टॉल की संख्या भी बढ़ाकर 500 कर दी गई है। मंडलायुक्त ने आयोजन से जुड़े विभिन्न कार्यों की टेंडर प्रक्रिया की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने अवगत कराया कि प्रकाशन, होर्डिंग, कंपोजिट वर्क, इवेंट मैनेजमेंट, पार्किंग आदि से संबंधित सभी कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं और कार्यक्रम स्थल पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी, नगरायुक्त और एडीए उपाध्यक्ष के साथ संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं और जनसुविधाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में ताज महोत्सव–2026 के लिए प्रस्तावित नए स्थल फतेहाबाद रोड, जेपी होटल के निकट के ले-आउट प्लान का प्रेजेंटेशन भी दिया गया। इसमें बताया गया कि लगभग चार एकड़ क्षेत्र में महोत्सव का आयोजन होगा, जहां समुचित पार्किंग, फतेहाबाद रोड और ताजनगरी रोड दोनों ओर से एंट्री-एग्जिट, मुख्य मंच, कलाकारों के लिए ग्रीन रूम, मीडिया गैलरी, दर्शक दीर्घा, फूड जोन, फन जोन, झूले, फ्लावर शो, ओडीओपी प्रदर्शनी स्थल और शौचालय आदि की व्यवस्थाएं रहेंगी।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि पिछले वर्ष जहां 300 स्टॉल लगाए गए थे, वहीं इस बार 500 स्टॉल स्थापित किए जाएंगे। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि शिल्प मेले में आगरा मंडल के श्रेष्ठ उत्पादों, ओडीओपी उत्पादों के साथ यूपी हैंडीक्राफ्ट, कार्पेट और पॉटरी के बेहतरीन स्टॉल लगाए जाएं। स्टॉलों का आवंटन पहले आओ–पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।
लाईटिंग, साज-सज्जा, प्रचार-प्रसार और कलाकारों के चयन से संबंधित सभी निविदाएं समय से जारी कर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में बताया गया कि इस बार कवि सम्मेलन और मुशायरा के साथ सूफी नाइट, डिवोशनल नाइट, फोक म्यूजिक, थिएटर, लाफ्टर नाइट, वालीवुड नाइट और पंजाबी नाइट जैसी विभिन्न थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्थानीय कलाकारों के साथ प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के लोकप्रिय कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि कलाकारों का चयन शीघ्र पूरा कर सभी कार्यक्रमों की तिथिवार सूची तैयार की जाए।
बैठक के दौरान सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। इसके साथ ही ताज महोत्सव–2026 की थीम को लेकर आमजन से प्राप्त सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी, नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल, एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुणमौली, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#TajMahotsav2026 #TajMahotsav #AgraFestival #CulturalFestival #TourismAgra #UPTourism #ODOP #AgraNews




