आगरा। केंद्रीय सरकार में संयुक्त सचिव कृषि एवं किसान कल्याण विभाग (डीए-एफडब्ल्यू) तथा भारत निर्वाचन आयोग के विशेष रोल प्रेक्षक संजय कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की उपस्थिति में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर मंडलायुक्त लघु सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगरा मंडल के सभी जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के प्रारंभ में मंडल के सभी जनपदों द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत किए गए कार्यों एवं प्रगति का जनपदवार प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया।
इसमें विधानसभा-वार कुल मतदाता, पुरुष-महिला मतदाता, जेंडर रेशियो, ईपी रेशियो, दिव्यांग मतदाता, सेवा योजित मतदाता, 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता, युवा मतदाता, कार्यरत ईआरओ, एईआरओ, सुपरवाइजर एवं बीएलओ से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई।
विशेष रोल प्रेक्षक ने विधानसभावार डिजिटाइजेशन के सापेक्ष मैपिंग की स्थिति, राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों, प्राप्त फॉर्म-6 की प्रोसेसिंग एवं निस्तारण, “बुक ए कॉल” पर प्राप्त अनुरोध, टोल-फ्री नंबर 1950 एवं एनजीएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों तथा उनके निस्तारण की समीक्षा की। इसके साथ ही अनमैप्ड मतदाताओं को जारी नोटिस, उनकी सुनवाई की प्रक्रिया एवं विशेष अभियानों में की गई कार्यवाही की भी जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि अनमैप्ड मतदाताओं को जारी नोटिसों के निस्तारण के दौरान केवल संबंधित मतदाता, उनके द्वारा अधिकृत व्यक्ति अथवा परिवारजन को ही सुनवाई में सम्मिलित किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत सभी नोटिस बीएलओ के माध्यम से शत-प्रतिशत अनमैप्ड मतदाताओं तक पहुंचें तथा वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग पूर्ण न होने वाले मामलों में आवश्यक अभिलेख प्राप्त कर सभी नोटिसों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाए।
इसके उपरांत विशेष रोल प्रेक्षक की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि विभिन्न राजनैतिक दलों द्वारा जनपदों में कुल 13,475 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए गए हैं।
विशेष रोल प्रेक्षक ने सभी राजनैतिक दलों से अपील की कि बूथ-वार अनमैप्ड मतदाताओं के नोटिस निस्तारण तथा फॉर्म-6, 7 एवं 8 भरवाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग स्वच्छ, शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाई जा रही है।
बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की नोटिस कार्यवाही को लेकर सुझाव भी आमंत्रित किए गए।
बैठक के अंत में 30 जनवरी को शहीद दिवस के अवसर पर भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में सभी उपस्थित लोगों ने मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
बैठक में जिलाधिकारी आगरा अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, मथुरा चन्द्र प्रकाश सिंह, फिरोजाबाद रमेश रंजन, मैनपुरी अंजनी कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#AgraNews #ElectionCommission #VoterListRevision #GahanRevision2026
#ElectoralRollUpdate #AgraDivision #IndianElections #DemocracyIndia



.jpeg)
.jpeg)