आगरा। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (शहरी एवं ग्रामीण) की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य सेवाओं और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
बैठक में सर्वप्रथम टीवी मुक्त अभियान के अंतर्गत आगरा ईस्ट के 50 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। यह पोषण पोटली समाजसेवी और निश्चय मित्र समाना कैटर्स, आगरा के सौजन्य से उपलब्ध कराई गई। पोटली में चना, दाल, सोयाबीन, दलिया, मूंगफली, सत्तू और प्रोटीन पाउडर सहित अन्य पौष्टिक सामग्री शामिल है, जो टीबी मरीजों की दवा के साथ प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में सहायक होगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने अप्रैल 2025 से अब तक संस्थागत प्रसव नहीं कराने वाली 191 आशाओं को नोटिस दिए जाने और संतोषजनक जवाब न मिलने पर ग्राम पंचायत के माध्यम से सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया। टीकाकरण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन ब्लॉकों और अर्बन यूनिट में टीकाकरण की प्रगति धीमी है, वहां के चिकित्सा अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी अपनी जिम्मेदारी सुनिश्चित करें।
बैठक में आयुष्मान कार्ड की समीक्षा की गई। आगरा अर्बन क्षेत्र में लाभार्थियों के कार्ड बनने की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और शहरी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को पात्र आयुष्मान लाभार्थियों के शत-प्रतिशत कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा में बताया गया कि इस योजना के अंतर्गत किए गए संस्थागत प्रसव का 90 प्रतिशत भुगतान हो चुका है। शेष सभी का भुगतान यथाशीघ्र पूरा करने के भी निर्देश जारी किए गए।
बैठक में मातृ मृत्यु की समीक्षा की गई। दिसंबर माह में दो मृत्यु दर्ज होने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संबंधित कारणों की केस स्टडी और जांच की जाए तथा नियमित टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।
गर्भवती महिलाओं की मॉनिटरिंग, हाई रिस्क प्रेगनेंसी आइडेंटिफिकेशन, पीएमएसएमए रिपोर्ट की समीक्षा की गई और सभी गर्भवती महिलाओं को कवर करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में समस्त सीएचसी, पीएचसी और अस्पताल परिसरों में साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरण, डॉक्यूमेंटेशन और रजिस्टर की व्यवस्था ठीक रखने के भी निर्देश जारी किए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता, डॉ. अमित रावत, डॉ. प्रमोद कुमार, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति, डॉ. उपेंद्र, डॉ. ऋषि गोपाल, कुलदीप भारद्वाज, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एचएम, और सभी ब्लॉकों के चिकित्सा अधीक्षक एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, साथ ही यूनिसेफ और डब्ल्यूएचओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में लिए गए निर्देशों का उद्देश्य आगरा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच को बढ़ाना, टीबी एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुधारना और आयुष्मान लाभार्थियों को समय पर लाभ पहुंचाना बताया गया।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी कार्यक्रमों में किसी प्रकार की बाधा न आए और सभी नागरिक स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं का पूरा लाभ ले सकें।
#AgraHealth #TBPatients #AyushmanCard #MaternalHealth #PublicHealth #AgraUpdates


