• Sat. Mar 7th, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Mathura Crime News:मथुरा के रिफाइनरी क्षेत्र में चांदी लुटेरों से पुलिस की मुठभेड़, तीन इनामी बदमाश गोली लगने से घायल

Spread the love

गोवर्धन। थाना रिफाइनरी क्षेत्र में रविवार शाम पुलिस और चांदी लूट के शातिर बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। रेलवे स्टेशन के पास जंगल में हुई इस मुठभेड़ में 25-25 हजार रुपये के इनामी तीन बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए। पुलिस ने मौके से बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटी गई चांदी, अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।

Mathura police encounter silver robbers near railway station, three rewarded criminals shot and arrested

जनपद में सक्रिय चांदी लुटेरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रिफाइनरी पुलिस और एसओजी टीम को रविवार शाम बड़ी सफलता मिली। रेलवे स्टेशन के समीप जंगल क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली कि चांदी लूट के आरोपी बदमाश मौजूद हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने मौके से तीनों को दबोच लिया। घायल बदमाशों की पहचान आगरा निवासी अमन उर्फ नवदीप (36), लक्ष्मण (37) और आशीष (22) के रूप में हुई है। तीनों अभियुक्तों पर एसएसपी द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इन बदमाशों ने 8 दिसंबर को आगरा के नगला पदी निवासी चांदी व्यापारी जतिन से मथुरा के रिफाइनरी थाना क्षेत्र में फ्लाईओवर स्थित सीआईएसएफ कट के पास दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आगरा से व्यापारी का पीछा कर रहे थे और मौका पाकर चांदी लूटकर फरार हो गए थे।

इस लूटकांड में शामिल दो अन्य बदमाशों को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर चुकी है। रविवार को पकड़े गए तीनों बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने करीब साढ़े पांच किलो चांदी बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग सात लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल, तीन तमंचे, पांच जिंदा कारतूस और पांच खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

घायल बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे पुलिस अभिरक्षा में उपचाराधीन हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है।

#MathuraEncounter #PoliceEncounter #SilverLootCase #UPPolice #BreakingNews #CrimeNews #RailwayStation #RewardedCriminals #LawAndOrder

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *