आगरा। प्रदेश में लगातार बढ़ रही शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए शासन ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। महानिदेशक (स्कूल शिक्षा) उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुसार प्रदेश के परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, राजकीय, सीबीएसई, आईसीएसई सहित सभी बोर्ड के स्कूल 29 दिसंबर से 1 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे।
जनपद में कड़ाके की सर्दी के साथ घना और अत्यंत घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ाने वाला है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अगले तीन दिनों तक शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है। बीते 24 घंटों में आगरा का अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 9.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सुबह के समय आर्द्रता 97 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे कोहरा और अधिक घना हो गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 और 29 दिसंबर को घना से अत्यंत घना कोहरा छाए रहने के साथ ठंड का प्रकोप रहेगा। 30 दिसंबर को भी घना कोहरा रहने की संभावना है। 31 दिसंबर से 3 जनवरी तक सुबह के समय कोहरा या धुंध छाने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 14 से 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। प्रशासन और मौसम विभाग ने वाहन चालकों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
#ColdWaveAlert #DenseFog #SchoolsClosed #UPSchools #WinterBreak #StudentSafety #AgraNews #UttarPradesh #SchoolHoliday #WeatherAlert

