• Mon. Mar 2nd, 2026

Today News Track

India #1 News Platform

Agra News : योगी सरकार की पहल से आगरा में सजेगा ब्रज संस्कृति का भव्य स्वरूप

Spread the love

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में ताजनगरी फेस-2 स्थित जोनल पार्क में करीब 19 एकड़ क्षेत्र में भव्य गीत गोविंद वाटिका बनकर तैयार हो गई है। नए साल 2026 की शुरुआत में आगरा वासियों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को इस अनूठे थीम पार्क की सौगात दी जाएगी। यह वाटिका न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि ब्रज की लोक संस्कृति और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का सजीव अनुभव भी कराएगी।

Geet Govind Vatika theme park showcasing Lord Krishna leelas in Agra

मुख्यमंत्री पर्यटन विकास सहभागिता योजना के तहत वाटिका में लगभग 4.19 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक थीम लाइटिंग और लेजर शो की व्यवस्था की गई है। म्यूजिकल फाउंटेन की वाटर वॉल पर 30 मिनट का विशेष लेजर शो प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का मनमोहक चित्रण होगा। इसके साथ ही 4.14 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह थीम पार्क रात के समय पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

Laser show depicting Lord Krishna leelas at Geet Govind Vatika Agra

वाटिका में प्रवेश करते ही ब्रज संस्कृति के साक्षात दर्शन होंगे। यहां महाभारत से जुड़े प्रसंग, कुरुक्षेत्र का मैदान, माखन चोर लीला, वाटर बॉडी में कालिया नाग का दृश्य, गोवर्धन पर्वत तथा पांडवों के छह शंखों के भव्य स्कल्पचर स्थापित किए गए हैं। भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा को समर्पित इस परियोजना में एक एकड़ क्षेत्र में तुलसी वन विकसित किया गया है, जहां तुलसी की 100 से अधिक प्रजातियां रोपी गई हैं।

Tulsi Van with over 100 varieties at Geet Govind Vatika theme park

आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम. अरून्मोली ने बताया कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य आगरा को केवल ऐतिहासिक स्मारकों तक सीमित न रखकर सांस्कृतिक पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनाना है। अब तक पर्यटक आगरा में दिन में स्मारक देखकर लौट जाते थे, लेकिन गीत गोविंद वाटिका उनके रात्रि प्रवास को बढ़ावा देगी। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और नए साल की शुरुआत में इसे जनता को समर्पित करने की पूरी तैयारी है।

वाटिका के दो एकड़ क्षेत्र में विशाल मुक्ताकाशीय मंच बनाया गया है, जहां नियमित रूप से रासलीला और विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। रेड स्टोन गजीबो और दीवारों पर उकेरे गए गीता के उपदेश पर्यटकों को आध्यात्मिक शांति का अनुभव कराएंगे।

परियोजना से जुड़े एडीए के जेई प्रमोद कुमार ने बताया कि गीत गोविंद वाटिका का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा रहा है। लेजर शो की प्रोग्रामिंग और स्कल्पचर की फिनिशिंग ब्रज की मूल भावना के अनुरूप तैयार की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से भी पार्क अत्याधुनिक होगा और हर आयु वर्ग के पर्यटकों के लिए यहां विशेष आकर्षण मौजूद रहेगा।

योगी सरकार का यह प्रयास आगरा के पर्यटन को ताजमहल तक सीमित न रखकर ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ रहा है। गीत गोविंद वाटिका न केवल पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भारतीय संस्कृति और परंपरा को संरक्षित करने का सशक्त माध्यम भी साबित होगी।

#GeetGovindVatika #AgraTourism #BrajCulture #LordKrishna #YogiGovernment #ThemeParkAgra #CulturalTourism #UPTourism

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *