आगरा। जनपद में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन के लिए हेल्थ एडवायजरी जारी की है। प्रदूषण के दुष्प्रभावों से बचाव के लिए विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार व्यक्तियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद की सभी स्वास्थ्य इकाइयों को प्रदूषण से होने वाली बीमारियों के उपचार के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण के कारण श्वसन तंत्र, हृदय और मस्तिष्क से संबंधित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। निम्न सामाजिक-आर्थिक स्थिति में रहने वाले लोग, कुपोषण से ग्रसित व्यक्ति, खराब आवासों में रहने वाले परिवार तथा खाना पकाने, हीटिंग और प्रकाश व्यवस्था के लिए ठोस या अवैध ईंधन का उपयोग करने वाले लोग भी अधिक जोखिम में हैं।
बाहरी वातावरण में काम करने वाले समूहों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिसकर्मी, निर्माण श्रमिक, सफाई कर्मचारी, रिक्शा चालक, ऑटो चालक, सड़क किनारे दुकान लगाने वाले विक्रेता तथा अन्य खुले वातावरण में काम करने वाले लोगों को मास्क पहनने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। इसके अलावा घरेलू कामकाज करने वाली महिलाएं, खाना पकाने के दौरान धुएं और धूल के संपर्क में आने वाले लोगों को भी सावधानी बरतने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने जनपद की सभी स्वास्थ्य इकाइयों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को प्रदूषण से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। आपातकालीन सेवाएं, रेफरल सेवाएं, एम्बुलेंस सुविधा, आउटरीच सेवाएं, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, डायग्नोस्टिक लैब सेवाएं तथा मेडिकल उपकरणों जैसे ऑक्सीजन आपूर्ति, नेबुलाइज़र और वेंटिलेटर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वायु प्रदूषण को हल्के में न लें, सावधानी बरतें और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या के लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
#AirPollution #AgraNews #HealthAdvisory #PublicHealth #AirQualityAlert #PregnantWomenHealth #ChildHealth #ElderlyCare #PollutionAlert #HealthDepartment


.jpeg)
