बाह। बटेश्वर थाना क्षेत्र के विजकौली गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे उसके पास अलाव ताप रहे सात लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के करीब 50 से अधिक ग्रामीण मौके पर पहुंचे और फावड़ों की मदद से ईंट-मिट्टी हटाकर रेस्क्यू शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को मलबे से बाहर निकालकर एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। शेष पांच घायलों का उपचार जारी है।
बताया गया कि विजकौली गांव निवासी जोर सिंह प्रजापति के मकान में बेसमेंट का निर्माण कार्य चल रहा था। बेसमेंट की दीवार हाल ही में बनाई गई थी और अधिक पानी से तराई किए जाने के कारण दीवार के पास जमीन में पानी भर गया था। धूप न निकलने से दीवार पूरी तरह सूख नहीं पाई और अचानक ढह गई। उसी समय दीवार के दूसरी ओर कुछ लोग अलाव ताप रहे थे, जो मलबे की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना पर बटेश्वर चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल सात लोगों को समय रहते बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
#AgraNews
#AgraWallCollapse
#UPBreakingNews
#ConstructionAccident
#WallCollapseIncident
#AgraAccident
#UttarPradeshNews
#BateshwarAgra
#BreakingNewsIndia
#RescueOperation

