फतेहाबाद। बाह–फतेहाबाद मार्ग पर नयापुरा गांव के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार टीकेतपुरा खंडेर निवासी मूलचंद पुत्र बादाम सिंह अपने साथी लोकेंद्र (17) पुत्र पप्पू के साथ बाइक से बाह की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बाह–फतेहाबाद मार्ग पर नयापुरा गांव के पास पहुंचे, तभी बाह की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोकेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मूलचंद गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया।
हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद तरुण धीमान ने बताया कि कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
#FatehabadAccident #HighSpeedCarCrash #BikeCollision #TeenKilled #RoadSafetyIndia #TrafficAccident #NayapuraAccident #IndiaNews #BreakingNews #FatalRoadAccident



