• Sat. Mar 14th, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News Deepotsav 2025: यमुना किनारे जगमगाया हाथीघाट: 51 हजार दीपों से नगर निगम ने मनाया भव्य दीपोत्सव

Spread the love

आगरा। नगर निगम आगरा की ओर से शुक्रवार को यमुना किनारे स्थित ऐतिहासिक हाथीघाट पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। घाट की पवित्र तलहटी में एक साथ 51 हजार दीपों की जगमगाहट ने वातावरण को आलोकित कर दिया। आरती की गूंज और दीपों की झिलमिलाहट से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

दीपोत्सव का मुख्य आकर्षण घाट पर सजे दीपों का अद्भुत दृश्य रहा, जिसने अंधकार पर प्रकाश की विजय का सजीव प्रतीक प्रस्तुत किया। महिलाओं और सफाई मित्रों ने मिलकर आकर्षक रंगोलियां बनाईं, जिनके माध्यम से स्वच्छता और हरित दीवाली का संदेश दिया गया। चारों ओर बिखरी दीपों की रोशनी और रंगोलियों की छटा ने घाट को स्वर्गिक सौंदर्य प्रदान किया।

इस अवसर पर नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि दीपोत्सव केवल उत्सव नहीं बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने अपील की कि प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए और नगर को सुंदर बनाए रखने में योगदान दे।

कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, उप नगर आयुक्त डा. सरिता सिंह, सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय व अशोक प्रिय गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. संजीव वर्मा, मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम, मुख्य अभियंता निर्माण बी.एल. गुप्ता समेत नगर निगम के तमाम अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरा घाट दीपों की आभा से नहाया नजर आया, वहीं श्रद्धालुओं ने दीपदान कर यमुना मैया से समृद्धि और सुख-शांति की कामना की।

Agra Deepotsav 2025, Hathighat Deepotsav, Agra Municipal Corporation, Yamuna Deepotsav, Ankit Khandelwal Agra, 51000 diyas Agra, Deepotsav celebration, Clean and Green Diwali Agra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *