• Mon. Mar 2nd, 2026

Today News Track

India #1 News Platform

Agra News : दुस्साहस : कॉलोनी के गेट से ट्रांसफॉर्मर खोल ले गए चोर

Spread the love

आगरा। शहर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब चोर कॉलोनी के गेट पर रखा ट्रांसफॉर्मर तक खोलकर ले गए। ग्वालियर हाईवे पर भाहई रोड स्थित ओम स्मार्ट सिटी कॉलोनी में शनिवार की रात शातिर चोरों ने 250 केवी के ट्रांसफॉर्मर को फाउंडेशन से उतारकर उसमें से तांबा और अन्य कीमती सामान निकाल लिया। घटना से न सिर्फ कॉलोनीवासी बल्कि आसपास के लोग भी हैरत में हैं। सवाल ये है कि जब कॉलोनी के गेट पर रखे इतने बड़े ट्रांसफॉर्मर को खोलने में घंटों लगे होंगे, तो आखिर किसी की नज़र क्यों नहीं पड़ी? और पुलिस गश्त कहाँ थी?

सुबह माॅर्निंग वॉक पर निकले लोग तो हुई जानकारी

सूत्रों के अनुसार, शनिवार की रात चोर गाड़ी लेकर आए और ट्रांसफॉर्मर को फाउंडेशन से उतारकर आराम से उसके नट-बोल्ट खोले। उसके बाद कॉपर और अन्य सामान निकालकर गाड़ी में भर लिया। रविवार सुबह जब लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले तो ट्रांसफॉर्मर का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा मिला। तेल सीसी रोड पर फैला था और नट-बोल्ट बिखरे पड़े थे। प्लॉट में ट्रांसफॉर्मर का कुछ सामान भी इधर-उधर बिखरा दिखाई दिया।


बिजली गुल

घटना के बाद कॉलोनी में रहने वाले दर्जनभर से अधिक परिवार और आश्रम अंधेरे में डूब गए। सुबह मंदिर पर रहने वाले मोहन सिंह ने जब ट्रांसफॉर्मर की हालत देखी तो इसकी जानकारी कॉलोनी निवासी बच्चू सिंह को दी। थोड़ी ही देर में कॉलोनीवासी और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों का कहना है कि अगर चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को इतनी आसानी से अंजाम दिया है तो उनकी सुरक्षा कितनी बड़ी खतरे में है, यह खुद ब खुद समझा जा सकता है।

पूरी तैयारी और रेकी के बाद दिया घटना को अंजाम

मौके पर चार पहिया वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोर पूरी तैयारी और रेकी के बाद आए थे। ट्रांसफॉर्मर को खोलने और सामान लादने में काफी वक्त लगा होगा, लेकिन इसके बावजूद किसी को भनक तक नहीं लगी। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि रात में न तो पुलिस की गश्त दिखाई देती है और न ही सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम हैं।


पुलिस जांच में जुटी

कॉलोनी मालिक ने मामले की जानकारी बिजली विभाग के जेई और पुलिस को दी। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। हालांकि घटना के बाद कॉलोनीवासियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि कॉलोनी के गेट पर इतनी बड़ी वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल देता है। लोगों का कहना है कि जब कॉलोनी के सामने से गुजरने वाली मुख्य सड़क पर ही ऐसी चोरी हो सकती है, तो बाकी इलाकों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।


सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था

यह घटना सीधे तौर पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। आखिर रात में गश्त करने वाली पुलिस कहाँ थी? गाड़ी लाकर ट्रांसफॉर्मर खोलना और सामान लादकर ले जाना कोई मामूली काम नहीं है। कॉलोनीवासियों की मांग है कि पुलिस तुरंत आरोपियों को गिरफ्तार करे और इलाके में गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

#AgraCrime#TransformerTheft#OmSmartCityColony#AgraNews#UPCrime#CopperTheft#AgraBreakingNews#PowerTheft#CityCrime#AgraLive

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *