• Wed. Mar 4th, 2026

TODAY News Track

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News:लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर एकता और अखंडता का संदेश देगा आगरा, यूनिटी मार्च से होगी शुरुआत

Spread the love

आगरा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर पूरे जनपद में सरदार@150 एक भारत, आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रशासन व जनप्रतिनिधियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा डीएम व अन्य जनप्रतिनिधियों ने साझा की।

प्रेसवार्ता में जानकारी देते डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी, साथ हैं विधायक छोटेलाल, पुरुषोत्तम खंडेलवाल

आज निकलेगा सरदार@150 यूनिटी मार्च

31 अक्टूबरशुक्रवार को सुबह 8 बजे “सरदार@150 यूनिटी मार्च” का आयोजन होगा, जो सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा (कोठी मीना बाजार) से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन होते हुए पटेल प्रतिमा स्थल पर संपन्न होगा। इस मार्च का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, समाज के प्रति जिम्मेदारी और एकता की भावना को मजबूत करना है।


कार्यक्रमों की रूपरेखा तय, युवाओं की होगी भागीदारी

अभियान के अंतर्गत जनपद में पदयात्रा, स्लोगन व पेंटिंग प्रतियोगिता, स्वच्छता व नशा मुक्ति अभियान, सेमिनार, वाद-विवाद और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों को ग्राम पंचायत से लेकर विधानसभा और संसदीय क्षेत्र तक विस्तारित किया जाएगा ताकि अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि कल सुबह सभी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में “सरदार@150 यूनिटी मार्च” का शुभारंभ होगा। इसके बाद सुबह 9 बजे सभी विद्यालयों और कॉलेजों में स्लोगन संकलन व उनका एकलव्य स्टेडियम में प्रदर्शन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में फल वितरण कार्यक्रम होंगे।

उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक जिला और तहसील स्तर पर पदयात्राओं का आयोजन किया जाएगा। आगरा जनपद के दोनों लोकसभा क्षेत्रों में तीन प्रमुख पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी।

पहली पदयात्रा — 6 नवंबर को डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, पालीवाल पार्क से प्रारंभ होकर शहीद स्मारक पार्क तक जाएगी।
दूसरी पदयात्रा — 13 नवंबर को एकलव्य स्टेडियम से प्रारंभ होकर कलाकृति परिसर तक आयोजित होगी।
तीसरी पदयात्रा — 21 नवंबर को कृषि विज्ञान केंद्र, बिचपुरी से प्रारंभ होगी।

इन पदयात्राओं में आत्मनिर्भर भारत संकल्प शपथ और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शामिल होंगे। उद्देश्य है कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश जन-जन तक पहुंचे।

डिजिटल रूप में भी होगा आयोजन, युवाओं के लिए प्रतियोगिताएं

जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान का डिजिटल शुभारंभ 6 अक्टूबर को “माई भारत पोर्टल” पर किया गया था। इसमें सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन और सरदार@150 यंग लीडर प्रोग्राम जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इस कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित 150 विजेता प्रतिभागियों को “राष्ट्रीय पदयात्रा” में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जो 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक 152 किमी लंबी यात्रा करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक निकाली जाएगी।उन्होंने बताया कि सभी गतिविधियों के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं और कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई है।

प्रशासन ने युवाओं से की अपील

प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक पहल में सक्रिय भागीदारी करें। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण के विजन से प्रेरित है। सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को देश की एकता और आत्मनिर्भरता की दिशा में योगदान देना चाहिए।

बैठक में ये रहे मौजूद

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. जीएस धर्मेश, छोटेलाल वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार, अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति अजय नारायण सिंह, डीआईओएस चंद्रशेखर, बीएसए जितेंद्र कुमार गोंड, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, जिला युवा अधिकारी श्रवण सहगल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

#SardarAt150 #AgraNews #UnityMarch #SardarPatelJayanti #EkBharatShreshthaBharat #SelfReliantIndia #NationalUnityDay #MyBharat #IronManOfIndia #AgraEvents


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *