• Wed. Mar 4th, 2026

TODAY News Track

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

रोजगार मेला : 51 हजार युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र, 123 चयनित अभ्यर्थियों को मिली नई राह

Spread the love

आगरा। आरबीएस कॉलेज खंदारी स्थित राव कृष्णपाल ऑडिटोरियम में शुक्रवार को रोजगार मेला के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकारी नौकरियों में चयनित 51,000 से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। डाक विभाग के शशि कुमार उत्तम ने पुष्पगुच्छ और मोमेंटो देकर अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में केंद्रीय मंत्री बघेल और विधायक खंडेलवाल की गरिमामयी उपस्थिति में आगरा तथा पड़ोसी जनपदों के 123 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें डाक विभाग, इसरो, सीआरपीएफ, रेलवे सहित कई सरकारी विभागों में चयनित उम्मीदवार शामिल रहे।


ये नियुक्ति पत्र आपके जीवन की मंजिल नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है

केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि आज प्राप्त हुआ नियुक्ति पत्र आपके जीवन की मंजिल नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। आप यहीं संतुष्ट न हों, नौकरी में रहते हुए निरंतर मेहनत करें और अधिकारी बनने की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग्यता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। अब भ्रष्टाचार और सिफारिश के युग का अंत हो चुका है।बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने अब तक रोजगार मेलों के माध्यम से 11 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए हैं। इससे देश के युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में जुड़ने का अवसर मिला है।


योजनाओं से जीवन में हो रहे बदलाव

प्रो. बघेल ने कहा कि आज गरीब और आमजन के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मोदी सरकार की योजनाओं, जैसे आयुष्मान कार्ड से मुफ्त इलाज, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त रसोई गैस, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, और 20 रुपये में जीवन बीमा से देश के करोड़ों परिवारों को सीधा लाभ मिला है। इससे लोगों की बचत बढ़ी है और वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने में सक्षम हुए हैं।


उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नौकरी के साथ-साथ आत्मविकास और समाजसेवा को भी अपनी प्राथमिकता बनाएं। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और युवा इस प्रगति के सबसे बड़े हिस्सेदार हैं।

योग्य अभ्यर्थियों को मिला उचित अवसर

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन युवाओं के जीवन में खुशियां लेकर आया है। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में पैसे और सिफारिश के बिना नौकरी मिलना मुश्किल था, लेकिन आज योग्य व्यक्ति को उसका हक मिल रहा है।


खंडेलवाल ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल नौकरी का प्रतीक नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सेवा का अवसर है। मोदी सरकार ने शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थानों में बड़े बदलाव किए हैं। आईटीआई और स्किल डेवलपमेंट सेंटर में युवाओं को हुनर सिखाया जा रहा है ताकि वे केवल नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बन सकें।

प्रधानमंत्री का संदेश और लाइव प्रसारण

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो संदेश प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने कार्य से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने नियुक्ति प्राप्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि देश के हर क्षेत्र में अब अवसर योग्यता के आधार पर मिल रहे हैं।केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी सजीव प्रसारण के माध्यम से युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले जैसे आयोजन न केवल सरकारी अवसरों का माध्यम हैं, बल्कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मिसाल भी हैं।

खुशी से खिले चेहरे

नियुक्ति पत्र प्राप्त करते ही अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि यह दिन उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले जैसी पहल ने उन्हें बिना किसी सिफारिश या आर्थिक दबाव के योग्यता के आधार पर अवसर दिलाया है।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षाविद, अभिभावक और छात्र बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समारोह में पूरे समय उत्साह और जोश का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *